पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के परिणामों ने राज्य की राजनीतिक तस्वीर में कई महत्वपूर्ण बदलाव सामने लाए हैं. बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को जारी मतगणना के दौरान छह सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं, जबकि दो स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतों की गिनती जारी है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर भाजपा, राजद, जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में बदला समीकरण
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से पराजित किया. इस परिणाम के साथ ही पटना शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव के करीब तीन दशक पुराने चुनावी प्रभाव को बड़ा झटका लगा है.
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मदन मोहन झा को हराकर जीत दर्ज की. वहीं,तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी हुए. सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने जीत हासिल की.
स्नातक सीटों पर भाजपा और जदयू को सफलता
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने जीत दर्ज की. यह उनकी चौथी जीत है. चुनाव में राजद के दिलीप कुमार दूसरे और जन सुराज के अनुज कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे. इस सीट पर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अनुज सिंह का समर्थन किया था. हालांकि,परिणाम नीरज कुमार के पक्ष में रहा.
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई. उन्होंने राजद प्रत्याशी नितेश यादव को नौ हजार से अधिक मतों से हराया.
दो सीटों पर मुकाबला जारी
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए थे,जबकि तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ब्रजवासी आगे चल रहे थे. इन दोनों सीटों पर मतगणना और वरीयता क्रम के आधार पर परिणाम तय होना बाकी था.
इन चुनाव परिणामों ने बिहार विधान परिषद में राजनीतिक दलों के प्रदर्शन और शिक्षक-स्नातक मतदाताओं की प्राथमिकताओं को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
