पटना :बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणाम में एनडीए और विपक्षी दलों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला. बुधवार को छह सीटों के परिणाम सामने आए,जबकि दरभंगा स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी रही. चुनाव परिणामों में भाजपा,राजद,जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों में भाजपा,राजद,जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की. तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा समर्थित नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी हुए. दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज समर्थित सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की. वहीं,पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के दिग्गज प्रत्याशी नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से हराकर बड़ा उलटफेर किया. इस जीत के साथ नवल किशोर यादव के लगभग तीन दशक पुराने चुनावी वर्चस्व का अंत हो गया. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने जीत दर्ज की.

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी सीट से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की. उन्होंने राजद प्रत्याशी नितेश यादव को नौ हजार से अधिक मतों से पराजित किया. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज की. उन्होंने चौथी बार इस सीट पर सफलता हासिल की.

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित सर्वेश कुमार मतगणना के सातवें दौर के बाद 11,910 मतों के साथ आगे चल रहे थे. राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा को 10,491 मत मिले थे.

वहीं,तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी ने बढ़त बना रखी थी. दूसरी वरीयता के मतों की गिनती से परिणाम तय होने की प्रक्रिया जारी थी.

चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी जीत और हार की समीक्षा शुरू कर दी है. इन नतीजों को आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-