नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पुरानी राजनीतिक यादें ताजा हुईं. मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ रहने की कामना की.
इस मुलाकात की तस्वीरें खुद लालू प्रसाद यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर साझा कीं. तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी उनके आवास पहुंची और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान यूपीए सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई.
लालू यादव ने लिखा कि यूपीए सरकार के दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के हित में कई पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थी. उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE)और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे कानूनों का विशेष रूप से उल्लेख किया. लालू ने कहा कि इन कानूनों ने देशवासियों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान बिहार को मिले आर्थिक सहयोग का भी जिक्र किया. लालू यादव के मुताबिक, उस समय बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी.
वहीं, इस मुलाकात को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव के बीच पुराने और अच्छे संबंध रहे हैं. दोनों नेताओं ने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का साथ दिया है. उन्होंने बताया कि काफी समय बाद दोनों की मुलाकात हुई और सोनिया गांधी लालू यादव का हालचाल जानने पहुंची थी.
इस मुलाकात को बिहार और राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
