पटना: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पटना में‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’अभियान के तहत पदयात्रा निकाली. इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पटना के सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता,मंत्री,विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए.
पदयात्रा गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक से शुरू होकर मौर्या होटल के समीप लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा तक पहुंची. यहां मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं सहित भाजपा समर्थक हाथों में पार्टी के झंडे और नारों की तख्तियां लेकर शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी भी की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस और राजद सहित विपक्षी दलों पर वोट चोरी के आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए दावा किया कि मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. सरावगी ने कहा कि चुनाव में हार मिलने पर विपक्ष ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाता है,जबकि जीत मिलने पर यही सवाल नहीं उठाए जाते.
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राजनीतिक अराजकता के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी. सरावगी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने की अपील की.
प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक,अभियान के पहले चरण में बिहार के10प्रमंडलीय मुख्यालयों में पदयात्राएं आयोजित होगी. दो नवंबर को भागलपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और चार नवंबर को पूर्णिया में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा कार्यक्रम में शामिल होंगे. दूसरे चरण में जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
