सरायकेला : सदर अस्पताल में गर्भवती और नवजात की मौत पर उठा सवाल,जांच रिपोर्ट का इंतजार
सरायकेला:जिला सदर अस्पताल में गर्भवती महिला और नवजात की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है. घटना के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की.
परिजनों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हुई. वहीं, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रीमा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और अस्पताल पहुंचने के समय उसकी हालत बेहद नाजुक थी. सभी चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद मां और नवजात को बचाया नहीं जा सका.
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है. अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मौत की वजह चिकित्सकीय जटिलता थी या इलाज में लपारवाही होने पर हुई है.





