Hindi News / सभी इकाइयां भंग, हालिया अंदरूनी विवाद के बीच नेतृत्व ने लिया बड़ा फैसला,...

राजद में संगठनात्मक सर्जरी : सभी इकाइयां भंग, हालिया अंदरूनी विवाद के बीच नेतृत्व ने लिया बड़ा फैसला, पुनर्गठन जल्द शुरू

Edited By:  |
rjd mai sangthnatamak serjary rjd mai sangthnatamak serjary

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) बिहार ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है. इस संबंध में आज प्रदेश कार्यालय की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया. आदेश पर प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के हस्ताक्षर हैं. इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव से हुए परामर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है. साथ ही 22 जनवरी 2025 को जारी कार्यालय आदेश संख्या-101 को भी निरस्त कर दिया गया है.

आदेश के अनुसार,पार्टी की सभी जिला,प्रखंड और पंचायत स्तरीय संगठनात्मक इकाइयों के साथ-साथ विभिन्न प्रकोष्ठों एवं अन्य संबद्ध संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है. पार्टी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में सभी स्तरों पर नई स्थापना समितियों के गठन और संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी.

राजद का यह फैसला ऐसे समय आया है,जब हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए थे. वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता पर गंभीर आरोप लगाए थे,जिससे संगठन के भीतर असहज स्थिति पैदा हो गई थी. इसके बाद पार्टी नेतृत्व लगातार संगठनात्मक समीक्षा में जुटा था.

राजनीतिक हलकों में इस निर्णय को संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने और आंतरिक अनुशासन मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. अब पार्टी की निगाह सभी स्तरों पर नई संगठनात्मक संरचना तैयार करने और नई समितियों के गठन पर रहेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट –