Hindi News / एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने पर संशय,जुडको और रांची नगर निगम में असमंजस

रांची की नहीं बदली तस्वीर : एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने पर संशय,जुडको और रांची नगर निगम में असमंजस

Edited By:  |
ranchi mein nahi badli tasweer ranchi mein nahi badli tasweer

रांची: रांची नगर निगम में एलईडी स्ट्रीट लाइट को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. दरअसल नगर निकाय चुनाव से पूर्व नई एलईडी स्ट्रीट लाइट के लिए रांची नगर निगम की ओर से रेट कांट्रेक्ट के आधार पर टेंडर प्रक्रिया के तहत एजेंसी का चयन कर लिया था,लेकिन नगर विकास विभाग के निर्देश पर टेंडर रद्द कर दिया गया. नगर विकास विभाग की ओर से राज्य के सभी निकायों में एलईडी स्ट्रीट लाइट के लिए कंसलटेंट बहाल करने का निर्णय लिया गया था. कंसलटेंट को सभी निकायों के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट का डीपीआर तैयार किया जाना था. डीपीआर में प्रत्येक निकाय क्षेत्रों के लिए एलईडी स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता और लोकेशन का भी उल्लेख किया जाना था.

एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी को लेकर खींचतान

नगर विकास विभाग के निर्देशानुसार राज्य के सभी निकायों के लिए जुडको (JUIDCO) को कंसलटेंट का चयन करना था. कंसलटेंट की ओर से तैयार किए गए डीपीआर के आधार पर ही संबंधित निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित संख्या और लोकेशन के आधार पर नए सिरे से एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाना था. लेकिन, जुडको की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विभागीय निर्देशों के तहत कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया पूरी हुई है या नहीं. नगर विकास विभाग के इस फरमान के बाद रांची नगर निगम के अधिकारी एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं. निगम के अधिकारियों की मानें तो अब एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी निगम स्तर से नहीं की जाएगी. निगम क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट जुडको के माध्यम से ही लगाई जाएगी.

पार्षद मांग रहे एलईडी स्ट्रीट लाइट,मेयर-अधिकारी दे रहे आश्वासन

निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद रांची नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में ही 53 वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता बताई थी. मेयर रोशनी खलखो ने पार्षदों को निजी व सरकारी संस्थानों के सीएसआर मद से एलईडी स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन बोर्ड बैठक के तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पार्षदों को एलईडी स्ट्रीट लाइट की उपलब्धता को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया. पार्षद नशिम गद्दी ने बताया कि रांची नगर निगम के पास फंड की कमी है। निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद नगर विकास विभाग की ओर से कोई फंड अब तक आवंटित नहीं किया गया है. वार्ड क्षेत्र की जनता पार्षदों से एलईडी लाइट की मांग कर रही है. मेयर सीएसआर मद से एलईडी स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराने का आश्वासन दे रही हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई.

EESL के साथ एकरारनामा खत्म होने के बाद बढ़ी परेशानी

साल 2015-16 में नगर विकास विभाग की ओर से रांची नगर निगम क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए EESL कंपनी के साथ एकरारनामा किया गया था. एकरारनामा के बाद रांची नगर निगम क्षेत्र में लगाए गए सभी सभी एलईडी स्ट्रीट लाइट का भुगतान रांची नगर निगम की ओर से किया गया. दिसंबर 2025 में EESL कंपनी के साथ एकरारनामा खत्म हो जाने के बाद निगम के समक्ष यह समस्या उत्पन्न हो गई कि अब नई एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीदारी कैसे होगी. इस दौरान रांची नगर निगम की ओर से नगर विकास विभाग को कई बार पत्र लिखकर नई एजेंसी के चयन या रेट कांट्रेक्ट के आधार पर टेंडर प्रक्रिया के तहत एजेंसी के चयन के लिए मार्गदर्शन मांगा गया, लेकिन विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया. लिहाजा रांची नगर निगम की ओर से रेट कांट्रेक्ट के आधार पर टेंडर प्रक्रिया के तहत एजेंसी का चयन कर लिया गया, लेकिन विभागीय निर्देश के बाद टेंडर रद्द कर दिया गया। निगम के अधिकारियों की मानें तो जुडको की ओर से कंसल्टेंट के माध्यम से तैयार किए गए डीपीआर के आधार पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाया गया तो इसका भुगतान कौन करेगा.

पार्षदों से छीना जाएगा अधिकार

रांची नगर निगम क्षेत्र में आने वाले समय में जुडको की ओर से चयनित किए गए कंसलटेंट के माध्यम से तैयार किए गए डीपीआर के आधार पर 53 वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाए गए, तो पार्षद अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय लोगों की ओर से चिह्नित किए गए स्थानों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट नहीं लगवा पाएंगे. कंसल्टेंट की ओर से तैयार किए गए डीपीआर में संबंधित वार्ड क्षेत्र के लिए निर्धारित संख्या और लोकेशन के आधार पर ही एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे. विभागीय निर्देश के तहत चयनित कंसल्टेंट को संबंधित वार्डों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार एलईडी स्ट्रीट लाइट की संख्या और लोकेशन निर्धारित करना है.60 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट हैं नगर निगम क्षेत्र में, तुलस्यान इंटरप्राइजेज कर रहा मेंटेनेंस कार्य

स्थानीय लोगों की मांग पर जनप्रतिनिधि साधे चुप्पी

वर्तमान में रांची नगर निगम क्षेत्र में लगभग 60 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट हैं, जिसका मेंटनेंस कार्य तुलस्यान इंटरप्राइजेज के माध्यम से कराया जा रहा है. वहीं, पिछले पांच वर्षों में विभिन्न वार्डों में कई नए मोहल्ले विकसित हो चुके हैं. इन नए मोहल्लों में रहने वाले लोग स्थानीय पार्षदों से एलईडी स्ट्रीट लाइट की मांग कर रहे हैं,लेकिन संबंधित वार्डों के पार्षद बेबस और लाचार नजर आ रहे हैं. स्थानीय लोगों की मांग उठाने के बावजूद उनकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है.