BIG NEWS : समस्तीपुर में सरकारी नौकरी के नाम पर बड़ा ठगी रैकेट बेनकाब!, पुलिस की रेड में 100 युवक-युवतियां मुक्त
समस्तीपुर : बड़ी खबरबिहार के समस्तीपुर से सामने आई है, जहां सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे कथित ठगी और नेटवर्किंग रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने आधी रात हुई इस बड़ी कार्रवाई में करीब 100 युवक-युवतियों को एक किराए के मकान से मुक्त कराया है. यह मामला कई राज्यों तक फैला बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, लीड विजन ट्रेडिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और गैलवे कंपनी के नाम पर युवाओं को शिक्षा विभाग, कृषि विभाग समेत कई सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया जा रहा था. इसके बदले युवाओं से लगभग 25 हजार रुपये वसूले जा रहे थे. बताया जा रहा है कि नौकरी से पहले ट्रेनिंग के नाम पर युवाओं को नेटवर्किंग का हिस्सा बनाया जाता था. उन्हें तेल, साबुन, फेस क्रीम जैसे उत्पाद देकर कंपनी की गतिविधियों को वैध दिखाने की कोशिश की जाती थी. सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस हरकत में आई. बुधवार देर रात चाइल्ड केयर साइबर थाना और मुफस्सिल थाना पुलिस ने मूसापुर स्थित एक निजी मकान में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान लगभग 100 युवक-युवतियों को वहां से निकालकर थाना लाया गया.
मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं. पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. सूत्रों की मानें तो इस रैकेट का जाल बिहार,झारखंड,पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है. पुलिस अब इस मामले में शामिल कथित प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है. अब देखना होगा कि सरकारी नौकरी के सपने दिखाकर युवाओं से ठगी करने वाले इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन चेहरे सामने आते हैं.





