पेट्रोल-डीजल खपत कम करने पर पहल : बिहार विधान मंडल में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ,स्पीकर ने दिखाई हरी झंडी
पटना: राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ और पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने की दिशा में सोमवार को बिहार विधान मंडल सचिवालय से बस सेवा का शुभारंभ किया गया. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, प्रशासन मुख्य सुभाष नारायण समेत कई लोग मौजूद रहे. इस व्यवस्था से सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाभ मिलेगा एवं अपनी ओर से ऊर्जा के उपयोग को कम करते हुए बिहार एवं राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में बहुमूल्य योगदान देंगे.

वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा संकट को देखते हुए की गई पहल
बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा संकट को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक वाहनों के अधिकाधिक उपयोग के आह्वान के अनुरूप यह पहल की है. इस सेवा के तहत बिहार विधानसभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन के लिए पिंक एवं ग्रीन बस का परिचालन आज से शुरू किया गया है.
सचिवालय बस सेवा के तहत 25 बसों का सफलतापूर्वक परिचालन
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पूर्व से सचिवालय बस सेवा के तहत 25 बसों का सफलतापूर्वक परिचालन किया जा रहा है. इन बस सेवाओं का विस्तार करते हुए पांच अतिरिक्त बस को जोड़ते हुए अब बिहार विधान मंडल सचिवालय बस सेवा की शुरुआत की गई है. जिससे विधान मंडल सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम यात्रियों को और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी.
सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाभ
बिहार विधानसभा सचिवालय में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए पिंक, इलेक्ट्रिक एवं सीएनजी बसों का परिचालन प्रारंभ किया गया है. नई बस सेवा के अंतर्गत निम्नलिखित मार्गों पर प्रतिदिन बसों का परिचालन किया जायेगा.
बस रूट एवं परिचालन व्यवस्था
एम्स पटना से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट
इस रूट पर एक इलेक्ट्रिक, एक सीएनजी एवं एक पिंक बस का परिचालन किया जायेगा। एम्स पटना से सुबह 8.30 बजे, 8.40 बजे एवं 8.50 बजे बसें खुलेंगी। ये बसें फुलवारी शरीफ गोलंबर, अनीसाबाद गोलंबर, चितकोहरा गोलंबर, कच्ची तालाब, गर्दनीबाग एवं मीठापुर पुल होते हुए बिहार विधान मंडल सचिवालय तक जाएंगी। वापसी में भी इसी मार्ग से बसों का संचालन किया जायेगा।
सगुना मोड़ से बिहार विधान मंडल सचिवालय रूट
इस रूट पर एक इलेक्ट्रिक बस का परिचालन किया जायेगा। सगुना मोड से सुबह 8.05 बजे खुलेगी। आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना मोड़, रामनगरी, राजीव नगर थाना, राजवंशी नगर एवं शास्त्री नगर होते हुए सुबह 9.15 बजे बिहार विधान मंडल सचिवालय पहुंचेगी। वापसी में भी इसी मार्ग से बसों का संचालन किया जायेगा।
धनकी मोड़ भाया कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ रूट
इस रूट पर एक इलेक्ट्रिक, एक सीएनजी एवं एक पिंक बस का परिचालन किया जाएगा. सुबह 8.20 बजे, 8.25 बजे एवं सुबह 8.30 बजे धनकी मोड़ से खुलेगी. कुम्हरार, भूतनाथ मोड़, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन एवं आर ब्लॉक होते हुए बिहार विधान मंडल, निर्वाचन आयोग एवं विकास भवन तक जाएंगी। वापसी में भी इसी मार्ग से बस सेवा उपलब्ध रहेगी.





