Hindi News / झारखंड प्रतिनिधियों ने दार्जिलिंग में जाना होमस्टे और सतत विकास का महत्व

पर्यटन के नए आयाम : झारखंड प्रतिनिधियों ने दार्जिलिंग में जाना होमस्टे और सतत विकास का महत्व

Edited By:  |
paryatan k nay aayam paryatan k nay aayam

सरायकेला:झारखंड पर्यटन विभाग ने कोडरमा और पूर्वी सिंहभूम जिलों के प्रतिभागियों का पश्चिम बंगाल के उत्तरी क्षेत्र-दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आयोजित एक्सपोजर विजिट के दूसरे दिन आधुनिक पर्यटन प्रबंधन, होमस्टे संचालन और सतत विकास के व्यावहारिक पहलुओं पर विशेष जानकारी दी गई.

कार्यक्रम के तहत दार्जिलिंग के दमे, रंजीतमजुआ गांव में प्रतिभागियों को होमस्टे संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया. होमस्टे संचालक रूपेश तमांग ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों-विशेषकर पक्षियों और वन्यजीवों के साथ संतुलन बनाना अत्यंत आवश्यक है. इससे पूर्व प्रतिभागियों को दार्जलिंग के बौद्ध मॉनेस्ट्री और बतासिया लूप का भ्रमण किया.

इस मौके पर ‘डेस्टिनेशन अनलिमिटेड टूर एंड ट्रेवल्स’ के निदेशक मनोरंजन मंगराज ने कहा कि दार्जिलिंग में होमस्टे क्लस्टर चाय बागानों, मठों और प्राकृतिक स्थलों के आसपास समूह आधारित तरीके से विकसित किए गए हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि इस मॉडल को झारखंड के आदिवासी क्षेत्रों में इको-टूरिज्म के रूप में अपनाया जा सकता है,जिससे राज्य के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी.

उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश होमस्टे महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है. इस प्रकार की पहल झारखंड में महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन सकती है.

इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को स्थानीय संस्कृति-पारंपरिक भोजन, संगीत और हस्तशिल्प को पर्यटन से जोड़कर आय के विविध स्रोत विकसित करने के उपायों की जानकारी दी गई. पर्यावरण संरक्षण को पर्यटन विकास का अभिन्न हिस्सा बताते हुए इस पर विशेष बल दिया गया.

इस यात्रा में डेस्टिनेशन अनलिमिटेड टूर एंड ट्रेवल्स के डिजिटल मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव अभिषेक सिंह, ग्रुप कोऑर्डिनेटर सोम्य रंजन मिश्रा, इवेंट कोऑर्डिनेटर संग्राम मोहंती, खाद्य एवं पेय प्रबंधक ब्रह्म पटनायक, वीडियो एडिटर सौम्या, ट्रांसपोर्ट इंचार्ज सत्य प्रकाश एवं प्रभाकर और मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ मार्डी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं.