निगम चुनाव की सरगर्मी तेज : मेयर प्रत्याशी ने जारी किया घोषणा पत्र,विकास का दिखाया रोडमैप

Edited By:  |
nikay chunaw ki sargarmi tej nikay chunaw ki sargarmi tej

निकाय चुनाव:आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी सकला माड़ी ने 13 सूत्रीय घोषणा पत्र जारी किया. इस घोषणा पत्र के माध्यम से उन्होंने शहर के समग्र विकास का खाका जनता के सामने रखा. घोषणा पत्र में आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति, 24 घंटे बिजली बहाल करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने का वादा किया गया. साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी और ईएसआई-पीएफ का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही गई है.

घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण,युवाओं के लिए रोजगार सृजन और गम्हरिया बाजार में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए भारी वाहनों की एंट्री नियंत्रित करने का संकल्प भी शामिल है. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और आदित्यपुर में महिला कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता देने की बात कही गई.

घोषणा पत्र जारी करने के दौरान उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से इसे जनता के विकास और अधिकारों की लड़ाई का संकल्प बताया. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस 13 सूत्रीय घोषणा पत्र पर जनता कितना भरोसा जताती है.