Hindi News / सुरक्षा बलों का बढ़ाया मनोबल, बोले-अभी समाप्त नहीं हुआ उग्रवाद, नियंत्रण में

मंत्री राधाकृष्ण किशोर पहुंचे बुढ़ा पहाड़ : सुरक्षा बलों का बढ़ाया मनोबल, बोले-अभी समाप्त नहीं हुआ उग्रवाद, नियंत्रण में

Edited By:  |
Reported By:
mantri radhakrishna kishor pahunche burha pahar mantri radhakrishna kishor pahunche burha pahar

गढ़वा : केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा नक्सल मुक्त भारत की घोषणा के चार दिन बाद इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर गढ़वा जिले के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र रहे बूढ़ा पहाड़ का अचानक दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुए विकास कार्यों के बारे में जाना एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने बुढ़ा पहाड़ पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया. दौरे के क्रम में मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह एवं बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना की. उन्होंने प्रदीप सिंह को ₹5000 एवं वीरेंद्र पासवान को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि अपने निजी स्तर से प्रदान की.

मंत्री ने टेहरी पंचायत के मुखिया बिनको टोप्पो के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान 11 गांवों की स्थिति और वहां चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली गई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन गांवों में विकास कार्यों की गति तेज की जाए. इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब दो दशक पहले वे कुल्ही आए थे और तभी से उनका सपना बूढ़ा पहाड़ आने का था. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर उन्होंने इस क्षेत्र का दौरा कर जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया है.

उन्होंने बीडीओ अमित कुमार एवं सीओ राकेश भूषण सिंह को निर्देश दिया है कि बूढ़ा पहाड़ के विकास के लिए घोषित सभी योजनाओं की जल्द समीक्षा कर उन्हें धरातल पर उतारा जाए. साथ ही मुखिया बिनको टोप्पो को क्षेत्र की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया है.

मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से नक्सल प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ अब काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि पूरी तरह समाप्ति के लिए अभी प्रयास जारी है.