मगध महिला कॉलेज में भवन निर्माण का कार्यारंभ : सीएम बोले—बिहार की बेटियाँ रोजगार पाने वाली नहीं, रोजगार देने वाली बनें
Patna : पटना स्थित मगध महिला महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नेG+6साइंस ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक आकांक्षाओं, समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की उन्नति बिहार की प्रगति की मजबूत नींव है. बिहार की बेटियों और बहनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है.
नए साइंस ब्लॉक के निर्माण से मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा. इससे छात्राओं को उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार की बेटियाँ कुशल और उच्च शिक्षित बनें तथा उनमें इतना आत्मविश्वास आए कि वे सिर्फ रोजगार हासिल करने वाली नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाली बनें.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल और पुलिस दीदी जैसी पहलों का भी उल्लेख किया. उन्होंने महिला छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कहा कि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन किया. एनसीसी छात्राओं ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और छात्राओं ने रक्षा सूत्र बांधकर उनका स्वागत किया.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





