खूंटी में डबल मर्डर केस का खुलासा : 1 महिला समेत 6 गिरफ्तार,प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश हुई थी हत्या
खूंटी: जिले में तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 महिला समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक कार, हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड, चार मोबाइल, मृतकों का जलाया गया वस्त्र, मृतक का बाइक और अन्य सामान बरामद किया है.
तजना नदी पुल के पास युवक और महिला का मिला था शव
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के पास एक युवक और महिला का शव मिला था. इस मामले में खूंटी थाना में कांड संख्या 96/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया.
गिरफ्तार हत्यारोपियों में कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत, जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी (महिला) और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में चार गुमला के रहनेवाले
जांच में पुलिस ने सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत को दबोचा. पूछताछ के बाद पुलिस ने जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा, रितेश चीक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, सती देवी और विजय रंजन शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में चार आरोपी गुमला के करंज थाना क्षेत्र के डूड़िया और दो आरोपी रांची के बुण्डू थाना क्षेत्र का रहने वाला है.





