केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का विपक्ष पर हमला : महिला आरक्षण बिल को बताया चुनावी गेमचेंजर, बंगाल में NDA की जीत का किया दावा
गयाजी : बिहार के गयाजी में सोमवार को जन उद्यम खेल-सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने इसे आगामी चुनावों का “गेमचेंजर” बताते हुए दावा किया कि देशभर की महिलाओं का रुख तेजी से NDA की ओर बढ़ रहा है.
जीतन राम मांझी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को लेकर पहले जो भ्रम था,वो अब खत्म हो चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के रवैये से महिलाएं खुद को उपेक्षित महसूस कर रही हैं. उन्होंने कहा, “नारी देश की आधी आबादी है और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करना विपक्ष को भारी पड़ेगा.”
पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि वहांNDAकी स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो चुकी है. मांझी के अनुसार,महिलाओं का झुकाव तेजी सेNDAकी ओर बढ़ रहा है और इसका सीधा असर चुनाव परिणामों में दिखेगा. उन्होंने कहा बंगाल में अबNDAके लिए राह आसान हो गई है और सरकार बनना तय है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हवाला देते हुए मांझी ने भरोसा जताया कि महिला आरक्षण बिल हर हाल में लागू किया जाएगा. साथ ही उन्होंने परिसीमन (डिलिमिटेशन) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनसंख्या के हिसाब से संसदीय प्रतिनिधित्व जरूरी है,ताकि आम जनता अपने सांसद तक आसानी से पहुंच सके.
मांझी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए इस बिल का विरोध किया,जबकि इसका सीधा फायदा महिलाओं को मिलना था. उन्होंने कहा कि अब महिलाएं इस सच्चाई को समझ रही हैं और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देंगी.
बिहार की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने नीतीश कुमार की महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाओं—साइकिल,पोशाक और आरक्षण की सराहना की. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की वजह से महिलाओं का भरोसा मजबूत हुआ है.
वहीं शराबबंदी के मुद्दे पर सम्राट चौधरी को समझदार नेता बताते हुए मांझी ने कहा कि सरकार संतुलित निर्णय की दिशा में विचार कर रही है,ताकि जनता और राजस्व दोनों को नुकसान न हो.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--





