झारखंड राज्यसभा चुनाव : परिमल नथवाणी को मिला क्लीनचिट, नामांकन पर सभी आपत्तियां खारिज
रांची : झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी को बड़ी राहत मिली है. नामांकन पर सभी आपत्तियां खारिज हो गई है. झारखंड विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर रणजीत कुमार ने यह आदेश जारी किया है.
राज्यसभा चुनाव की स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान पिछले 24 घंटे से फंसा सस्पेंस अब समाप्त हो गया है. भारी विवादों और आपत्तियों के बीच निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी के नामांकन पर लगा होल्ड हटा लिया गया है.
चुनाव अधिकारी ने सभी पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद नथवाणी के नामांकन पत्र को पूरी तरह वैध करार दिया है. अभी अभी निर्वाची अधिकारी की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है.
नो ड्यूज सर्टिफिकेट, शेयर होल्डिंग खुलासे और नाम में अंतर को लेकर आपत्ति उठी थी. फॉर्म-26 में खाली कॉलम को भी नामांकन रद्द करने का आधार नहीं माना गया. झारखंड विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर रणजीत कुमार द्वारा आदेश में कहा गया है कि कोई भी आपत्ति जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 36(2) के तहत नामांकन खारिज करने योग्य नहीं है. इस तरह नथवाणी की सभी आपत्तियां खारिज हो गई. परिमल नथवाणी का नामांकन बरकरार हो गया.





