BIHAR NEWS : बिहार के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकार दे रही हर संभव मदद – मंत्री श्रवण कुमार
पटना : सूचना एवं जन सम्पर्क एवं ग्रामीण विकास मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता सह बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने बिहार के प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी सावन कुमार को सम्मानित किया है. मंत्री श्रवण कुमार ने सूचना भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के गोलकीपर सावन कुमार को सम्मानित किया. बिहार निवासी सावन कुमार ने हाल ही में ओमान की राजधानी मस्कट में 20 से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित ‘अंडर-18 यूथ हॉकी एशिया कप-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं. सरकार ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और समर्थन देने में पूरी तरह संकल्पित है. खिलाड़ियों को हर संभव मदद दी जा रही है, ताकि वे अपना पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित कर बेहतर प्रदर्शन कर सकें. उन्होंने बेस्ट गोलकीपर तथा प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच का पुरस्कार अपने नाम किया. फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब जीता.
इससे पहले सावन कुमार ने जापान में आयोजित एशियन हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-18) में शानदार खेल दिखाते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था. मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि सावन कुमार का दिसंबर में होने वाले अंडर-18 हॉकी विश्व कप के लिए भी चयन हो चुका है. वे बिहार से चयनित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं,जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है.
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना के तहत खिलाड़ियों को सालाना 20 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान करती है. साथ ही आधुनिक खेल मैदानों, उपकरणों और अन्य सुविधाओं का भी निरंतर विकास किया जा रहा है. गांव-गांव से प्रतिभाओं को खोजने और निखारने का काम भी सरकार सक्रिय रूप से कर रही है. इन सभी कोशिशों का सफल नतीजा खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिख रहा है. सम्मान कार्यक्रम में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रन शंकरण समेत अन्य उपस्थित थे.





