JHARKHAND NEWS : पहाड़ी बाबा मंदिर में सावन को लेकर हाई अलर्ट, चाक-चौबंद होगी सुरक्षा और व्यवस्था
सावन के पावन महीने की शुरुआत होने वाली है और इसे लेकर रांची का जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. बाबा भोलेनाथ के भक्तों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री खुद जमीन पर उतर आए हैं.रविवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ऐतिहासिक पहाड़ी बाबा मंदिर का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सावन के दौरान यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि सभी विकास कार्य समय सीमा के भीतर पूरे हों और उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
उपायुक्त ने मंदिर की सीढ़ियों, बन रहे शौचालयों, बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक बिछाने के काम के साथ-साथ बिजली और पानी की सप्लाय का भी बारीकी से मुआयना किया.मीडिया से बात करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पहाड़ी बाबा मंदिर रांचीवासियों की अगाध आस्था का केंद्र है. सावन में परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने इस बार एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला लिया है. उपायुक्त ने श्रद्धालुओं और दुकानदारों से अपील की है कि सावन के दौरान मंदिर परिसर में शीशे की बनी कोई भी पूजन सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. दुकानदारों से भी कहा गया है कि वे शीशे में पैक सामग्री न बेचें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.





