JHARKHAND NEWS : आईसीएसीए 2026 का सफल समापन, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने साझा किए नवीन शोध व तकनीकी अनुभव
रांची : आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी,रांची द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन“4th International Conference on Advanced Computing and Applications (ICACA 2026)”के दूसरे दिन शनिवार को झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT),नामकुम परिसर,रांची में विभिन्न तकनीकी सत्रों,की-नोट व्याख्यानों और वैलेडिक्टरी सत्र के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी,रांची द्वारा किया गया,जिसमें देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों,शोध संस्थानों तथा उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने भाग लिया.
सम्मेलन के दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण की-नोट व्याख्यान प्रस्तुत किए गए. प्रमुख वक्ता नवनीत कुमार,ग्लोबल हेड–सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इंजीनियरिंग, First Solar, USAने सेमीकंडक्टर उद्योग,सोलर ऊर्जा तकनीक और उच्च स्तरीय औद्योगिक अनुसंधान के वर्तमान परिदृश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में सेमीकंडक्टर तकनीक,स्मार्ट ऊर्जा प्रणालियों और एआई आधारित औद्योगिक समाधान वैश्विक तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने छात्रों और शोधकर्ताओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान करने के लिए प्रेरित किया.
इसके अलावा डॉ. पवन वॉव्वेटी (T-Mobile, USA),डॉ. वी. श्रीधर (USA),के. जय बालन (USA),डॉ. एस. बुचुरेड्डी कर्री (USA)तथा हेमंत सोनी (USA)ने भी अपने की-नोट व्याख्यान में उन्नत कंप्यूटिंग,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,संचार प्रौद्योगिकी और स्मार्ट सिस्टम के क्षेत्र में हो रहे वैश्विक अनुसंधान और तकनीकी प्रगति पर विस्तार से चर्चा की.
सम्मेलन के दौरान समानांतर रूप से कई टेक्निकल सेशन आयोजित किए गए,जिनमें देश-विदेश के शोधकर्ताओं,शिक्षाविदों और छात्रों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए. इन सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,मशीन लर्निंग,डेटा एनालिटिक्स,स्मार्ट कंप्यूटिंग,इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT)और उन्नत कंप्यूटिंग अनुप्रयोगों से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा हुई.
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन के लिए प्राप्त अनेक शोध पत्रों में से56से अधिक शोध पत्रों का चयन प्रकाशन के लिए किया गया है. चयनित शोध पत्रों को अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकSpringer Natureद्वारा प्रकाशित किया जाएगा तथा यह प्रकाशनScopus Indexedहोगा,जो शोधकर्ताओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है.
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित वैलेडिक्टरी सेशन में आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्राचार्य डॉ. एन. हरि बाबू,संस्थान के सचिव श्याम नारायण महतो, ICACA 2026के कन्वेनर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव,प्रो. जे. के. मंडल तथा प्रो. देबासिस डे सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. इस अवसर पर वक्ताओं ने सम्मेलन के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से शोधकर्ताओं और छात्रों को वैश्विक स्तर पर हो रहे नवीनतम तकनीकी अनुसंधान से सीखने और अपने शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है.
समापन सत्र के दौरान उत्कृष्ट शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन एवं बेस्ट पोस्टर प्रेजेंटेशन के लिए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. विशेषज्ञ समिति द्वारा चयनित विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए.
वक्ताओं ने यह भी कहा कि उन्नत कंप्यूटिंग,कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीकों के क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान और नवाचार ही भविष्य की तकनीकी प्रगति का आधार बनेगा. उन्होंने इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से उद्योग,शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया.
दो दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न तकनीकी सत्रों, शोध पत्र प्रस्तुतियों और विशेषज्ञ व्याख्यानों के माध्यम से प्रतिभागियों को नवीनतम तकनीकी प्रवृत्तियों की जानकारी प्राप्त हुई. कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शोधकर्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की.





