Hindi News / चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर सिंडिकेट ध्वस्त, 6 गिरफ्तार

JHARKHAND NEWS : चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर सिंडिकेट ध्वस्त, 6 गिरफ्तार

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

पश्चिमी सिंहभूम से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चक्रधरपुर और सदर अनुमंडल पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर और गांजे के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ कुल 6 तस्करों को दबोचा है।चक्रधरपुर के एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। पहली कार्रवाई पुराना बस्ती इलाके में हुई, जहाँ जमशेदपुर से ब्राउन शुगर लाकर बेचने की फिराक में लगे शेखर सुमन साहू और शुभम वर्मण को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा। इनके पास से कुल 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से नशे की खेप खरीदने पहुंचे आशीफ शेख को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने इनके पास से वो मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिससे ये जमशेदपुर से माल लाते थे।चक्रधरपुर पुलिस की मुस्तैदी यहीं नहीं रुकी। दूसरी छापेमारी पोर्टरखोली इलाके में की गई, जहाँ से पुलिस ने अभिषेक प्रामाणिक और मुकेश राम रवि को गिरफ्तार किया। इनके पास से भी 25 पुड़िया ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में यह साफ हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क के तार जमशेदपुर से जुड़े हैं और पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से उखाड़ने के लिए आगे की कड़ियों को खंगाल रही है।वहीं दूसरी तरफ, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी के नेतृत्व में एसोसिएशन ग्राउंड के पास एक और बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस ने ग्वाला पट्टी के रहने वाले 47 वर्षीय सुरेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। सुरेश के पास से 260 ग्राम गांजा (70 पुड़िया), पांच गांजा मिश्रित सिगरेट और ₹6500 नकद बरामद हुए हैं। इस मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 67/26 दर्ज की गई है।पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि जिले में नशे का यह कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी और सख्ती से जारी रहेगा।