BIHAR NEWS : राज्य में उर्वरक की है भरपूर उपलब्धता, किसी भी जिले में नहीं है कमी - मंत्री विजय सिन्हा
पटना: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही विभिन्न खबरों के मद्देनज़र कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर विभाग लगातार निगरानी रखे हुए है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक के दौरान बताया गया कि राज्य में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का स्टॉक उपलब्ध है तथा विभिन्न जिलों में नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है.
मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय रसीद अवश्य लें और यदि किसी विक्रेता द्वारा अधिक मूल्य वसूला जाए या गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाए,तो इसकी सूचना तुरंत जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय या विभागीय हेल्पलाइन नंबर - 0612-2233555 एवं व्हाट्सऐप नंबर 7766085888 पर दें,ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और किसानों के अधिकारों की रक्षा हो सके. यदि कोई किसान लिखित शिकायत या आवेदन करेगा तो त्वरित जाँच कराकर कार्रवाई होगी.
विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों के सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे उर्वरकों की कालाबाजारी,अवैध भंडारण एवं अंतर्राज्यीय अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाएं. उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी,अनियमितता अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए.
मंत्री ने कहा है कि किसान की मेहनत,उसके पसीने और उसकी फसल से कोई भी समझौता राज्य सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी. शारदीय (खरीफ) 2026 के दौरान किसानों को समय पर,पर्याप्त मात्रा में और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए उर्वरक की कालाबाजारी,जमाखोरी और अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जा रही है. राज्य से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह सक्रिय किया गया है,ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे.
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के किसी भी जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है. 10 जुलाई तक राज्य में उपलब्ध भंडार इस प्रकार है - यूरिया 4.33 लाख मीट्रिक टन,डीएपी 1.43 लाख मीट्रिक टन,एनपीके 2.52 लाख मीट्रिक टन,एमओपी 0.69 लाख मीट्रिक टन,और एसएसपी 1.26 लाख मीट्रिक टन.
इस दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उर्वरक वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसानों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने किसानों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत विभाग या जिला प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके.





