Hindi News / बेरमो में वृद्धा पेंशन के लिए वृद्धाओं ने लगाई सरकार से गुहार

JHARKHAND NEWS : बेरमो में वृद्धा पेंशन के लिए वृद्धाओं ने लगाई सरकार से गुहार

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। पेटरवार के खेतको पंचायत में वृद्धों का सब्र अब जवाब दे चुका है। पिछले 6 महीनों से वृद्धा पेंशन न मिलने के कारण बुजुर्ग बेहद लाचार और हताश नजर आ रहे हैं। हाथ में डंडा और चेहरे पर झुर्रियों के साथ ये बुजुर्ग अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार की इसी पेंशन पर पूरी तरह निर्भर हैं। जब लगातार 6 महीने तक बैंक खातों में पैसे नहीं आए, तो इन्हें कुछ सूझ नहीं रहा था कि आखिर ये क्या करें और कहां जाएं? कोई दूसरा रास्ता न पाकर, ये सभी बुजुर्ग सीधे अपनी पंचायत की मुखिया अनवरी खातून के घर पहुंच गए। मुखिया के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए इन बेसहारा लोगों ने रोते हुए गुहार लगाई— हम बेबस हैं, हमारा कोई सहारा नहीं है। सरकार की यही पेंशन हमारी दवा और राशन का एकमात्र जरिया है। कृपया हमारी इस विवशता को सरकार तक पहुंचाइए और हमारी पेंशन जल्द से जल्द दिलवाने में मदद कीजिए।

"मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत की मुखिया अनवरी खातून ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और संबंधित विभाग से सीधे गुहार लगाई है कि इन वृद्ध महिलाओं और पुरुषों की सुध ली जाए और पिछले 6 महीने से रुकी हुई वृद्धा पेंशन की राशि का अविलंब भुगतान किया जाए।सवाल यह उठता है कि आखिर डीबीटी और डिजिटल सिस्टम के इस दौर में बुजुर्गों को 6-6 महीने तक पेंशन के लिए क्यों तरसना पड़ रहा है? अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस पर कितनी जल्दी एक्शन लेती है।