JHARKHAND NEWS : CM हेमन्त सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ तपोवन मंदिर में की पूजा, राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
रांची : रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ शुक्रवार को राजधानी रांची के ऐतिहासिक तपोवन मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान श्रीराम और माता जानकी की विधिपूर्वक पूजा की. उन्होंने राज्यवासियों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली की भगवान श्रीराम से कामना की.
मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर में पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्यवासियों के बेहतर और सुखद जीवन के लिए प्रार्थना की. इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी पूजा अर्चना की.
तपोवन मंदिर परिसर में रामनवमी के अवसर पर पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. मुख्यमंत्री जैसे ही वहां पहुंचे तो, जय श्रीराम के जयकारे पूरे परिसर में गुंजन लगे. मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और कुछ समय तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे. सीएम के आगमन को लेकर मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे. पुलिस की तैनाती के साथ पूरे इलाके पर निगरानी रखी गई ताकि कोई परेशानी न हो.
मंदिर परिसर में सीएम ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के आदर्श हैं. उन्होंने रामनवमी को केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आपसी एकता,भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया. सीएम ने लोगों से अपील की है कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं.
आस्था के समागम में शामिल होने का सौभाग्य मिला है
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी महापर्व के अवसर पर रांची के श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में हर वर्ष की भांति इस बार भी आस्था के समागम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है.आज यहां पूजा अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं.विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्रा का आज यहां समागम भी हो रहा है.ऐसे में पूरी श्रद्धा,उमंग,उत्साह और खुशी के साथ इस पर्व को मनाते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सामाजिक सद्भाव और समरसता के साथ रामनवमी महापर्व को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं.
तपोवन मंदिर को भव्य बनाने का चल रहा कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि तपोवन मंदिर का इतिहास काफी पुराना है. इसकी एक अलग पहचान है. अब इसी पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में हमने कदम बढ़ा दिया है. मंदिर के सौंदर्यीकरण जा कार्य तेजी से चल रहा है. हम सभी भगवान श्री राम से कामना करें कि इस मंदिर को भव्यता देने का काम जल्द से जल्द पूर्ण हो.





