JHARKHAND NEWS : विश्व पृथ्वी दिवस पर भव्य जागरुकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रांची: एम.एम.के. हाई स्कूल,बरियातू,रांची में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं जागरूकता से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक डॉ. तनवीर अहमद ने किया.
अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. अहमद ने धरती के संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण,वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं आज मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि“पृथ्वी हमारी धरोहर है,इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है.”उन्होंने जल संरक्षण,वृक्षारोपण,प्लास्टिक का कम उपयोग तथा स्वच्छता को अपनाने जैसे महत्वपूर्ण उपायों पर जोर दिया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक पेड़-पौधे लगाकर हरित संदेश दिया. इसके साथ ही,बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बच्चों ने जल,वायु एवं भूमि प्रदूषण,प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और पेड़ों के महत्व जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया,जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा.
विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने पोस्टर,स्लोगन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जागरूकता साफ़ झलक रही थी.
कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन में शिक्षिका नरगिश बानो का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा. उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं और कार्यक्रम को सफल बनाया.





