JHARKHAND NEWS : पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़: गोलीबारी में गैंग का एक सदस्य घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव-केरेडारी कोयलांचल क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों के साथ शुक्रवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया है।यह मुठभेड़ शुक्रवार सुबह करीब तीन बजकर बीस मिनट पर केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू जंगल के पास हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी जंगल की ओर भागने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।घायल अपराधी की पहचान बड़कागांव के डाड़ीकला ओपी क्षेत्र के चेपाखुर्द निवासी मो. रागीब अफजल के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार दूसरा आरोपी केरेडारी के पगार ओपी क्षेत्र के चट्टीबरियातु निवासी जितेंद्र सोनी है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक बरामद की है। घायल रागीब अफजल को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है।एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि केरेडारी स्थित चंद्रगुप्त कोल खनन परियोजना के परिवहन मार्ग पर बुकरू-पचरा रोड बैरियर के पास दो अपराधी बाइक से पर्चा छोड़कर जंगल की तरफ भागे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ बड़कागांव के नेतृत्व में एक स्पेशल रेड टीम बनाई गई।
जंगल में तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस वाहन देखते ही दोनों भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अपनी सुरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रागीब अफजल के पैर में गोली लगी और उसका साथी जितेंद्र सोनी पकड़ा गया।एसपी ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की है। यह गिरोह कोयलांचल क्षेत्र में ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और कंपनियों से लेवी वसूलने के लिए आतंक फैलाता है। पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन से कई बड़े कारोबारियों और कंपनियों के अधिकारियों से जुड़े अहम सुराग और तस्वीरें बरामद की हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





