जननायक रामविलास पासवान की जयंती : नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान ने की भारत रत्न की मांग
रांची: लोक जनशक्ति (रामविलास) ने पार्टी के संस्थापक, जननायक एवं पद्म भूषण रामविलास पासवान की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं सेवा भाव के साथ मनाई. प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई.
उनके विचार एवं आदर्श करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रधान ने कहा कि दिवंगत रामविलास पासवान अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों एवं शोषित समाज के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए समर्पित किया. उनके विचार एवं आदर्श आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), झारखंड प्रदेश केंद्र सरकार से मांग करती है कि रामविलास पासवान के देश एवं समाज के प्रति अतुलनीय योगदान, सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण और छह दशकों से अधिक लंबे सार्वजनिक जीवन को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाए.
गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्रीका वितरण
कार्यक्रम के उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मूक-बधिर विद्यालय, तपोवन पहुंचकर गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया. इस दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी ने जनसेवा एवं संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया, एवं सैंकड़ों लोगों को सम्मानित कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उमेश तिवारी, बहुरन लोहरा, ममता रंजन, आदित्य विजय प्रधान, दिनेश सोनी, लाल बहादुर राम, शिव,आकाश भारती, मनीषा देवी, रतन पासवान, भोला राम, अधिवक्ता गुंजन सिंह, हाफिज़ुल हसन सहित पार्टी के अनेक प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.





