दीपक प्रकाश ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक : सम्राट सरकार के निर्देशों को पंचायती राज संस्थाओं के लिए बताया महत्वपूर्ण
पटना:पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने योजना एवं विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा दिए गए निर्देशों को पंचायती राज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता, सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मुख्यमंत्री के निर्देश त्रि-स्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को और मजबूत करेगा. ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद जैसी स्थानीय स्वशासन संस्थाओं की प्रभावी भूमिका तभी सुनिश्चित होगी, जब योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और जनहित में हो.
पंचायत सरकार भवन बन रहे सशक्त केंद्र
मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवनों के निर्माण एवं उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा ग्रामीण प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. यह भवन पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सेवाओं,जनसुविधाओं और स्थानीय विकास गतिविधियों के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं. आगे उनहोंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से आकांक्षी जिलों के साथ-साथ सभी जिलों के समग्र विकास के लिए स्थानीय आवश्यकताओं, संसाधनों और संभावनाओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश स्वागत योग्य है. इससे पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका और अधिक स्पष्ट और प्रभावी होगी.
समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचानायोजनाओं का वास्तविक उद्देश्य
उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा,जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और उनके परिणाम आमजन के जीवन में दिखाई दें. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सोच योजनाओं को केवल स्वीकृति या निर्माण तक सीमित न रखकर उन्हें जनजीवन में ठोस परिवर्तन का माध्यम बनाने की है. इसमें पंचायती राज संस्थाएं सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं.
आपदा पूर्वानुमान से पंचायतों में हो रही आवश्यक तैयारी
मंत्री ने कहा कि मौसम संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं और पूर्वानुमान प्रतिदिन माननीय सांसदगण, विधायकगण, जिला परिषद अध्यक्ष, मुखियागण, जिला पदाधिकारियों, उप विकास आयुक्तों तथा अन्य संबंधित पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने का निर्देश ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है. पंचायत जनप्रतिनिधियों तक समय पर सूचना उपलब्ध होने से पंचायतों में आवश्यक तैयारी, स्थानीय सतर्कता और जनहित से जुड़े निर्णयों में सहायता मिलेगी. उन्होंने कहा कि मैसेज, व्हाट्सऐप सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से सूचना प्रसारण व्यवस्था विकसित करने का निर्देश त्वरित शासन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे पंचायत स्तर पर आपदा पूर्व तैयारी, कृषि संबंधी सतर्कता और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी.
सशक्त पंचायतें ही विकसित बिहार की आधारशिला
विकसित बिहार की इस परिकल्पना में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्णहोगी, क्योंकि ग्रामीण विकास, स्थानीय सहभागिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार पंचायत स्तर पर सुदृढ़ होता है.
विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायती राज विभाग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशों के अनुरूप पंचायतों को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी और विकासोन्मुख बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा. त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।





