Hindi News / वीबी जी राम जी मिशन से रोजगार की बहार,केंद्र सरकार ने जारी की...

बिहार के गांवों के लिए सौगात : वीबी जी राम जी मिशन से रोजगार की बहार,केंद्र सरकार ने जारी की 1663.56 करोड़ की राशि

Edited By:  |
bihar k gaon k liye saugat bihar k gaon k liye saugat

पटना:विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी रामजी) के तहत केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 1663.56 करोड़ का मदर सेंक्शन जारी किया। यह राशि योजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में पूर्व में राज्य के लिए निर्धारित 6715 करोड़ 83 लाख रुपये के अंतरिम बजट में से जारी किया गया है। राज्यों के विकास में जारी किए गए इस भारी भरकम राशि की जानकारी रविवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी राज्यों के मंत्री और विभागीय पदाधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक के माध्यम से दी।

इस बैठक में बिहार ग्रामीण विकास विभाग के पदाधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से जारी यह राशि आगामी तीन महीने के लिए है। इस राशि में राज्य सरकार खुद का अंश मिलाकर पंचायतों में विकास के लिए नया अध्याय जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से इस राशि के जारी होने से योजनाओं के क्रियान्वयन में रफ्तार आएगी और मुख्य रूप से अकुशल मजदूरों को त्वरित रोजगार और भुगतान करने का रास्ता साफ होगा।

विभागीय अधिकारियों की मानें तो पूर्व के मनरेगा में 100 दिन की काम की गारंटी की जगह इस नई योजना में अकुशल मजदूरों को 125 दिन की काम की गारंटी दी जाएगी। काम की मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध नहीं कराने पर बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान है। पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों के लिए निर्धारित बजट में 40 फीसदी अब राज्य सरकार वहन करेगी। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से भारी-भरकम राशि के खर्च करने से ग्राम पंचायतों में विकास की नई रोशनी जलेगी। साथ ही आर्थिक समृद्धि का रास्ता भी साफ होगा।