जमुई में अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला : दो SI और एक सिपाही घायल, अभियुक्त गिरफ्तार
जमुई : बड़ी खबर जमुई से है जहां विभिन्न आपराधिक कांडों के फरार अभियुक्त को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने अपने परिवालों के साथ अचानक हमला कर दिया. मारपीट में 2 एसआई और एक सिपाही बुरी तरह घायल हो गए. हालांकि पुलिस ने आखिरकार अभियुक्त ढीबू यादव को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि आरोपी ढीबू यादव पर डकैती,लूट,मारपीट सहित रेलवे थाना में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. घायल दो एसआई और एक सिपाही को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है,और अभियुक्त ढीबू यादव को भी मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया है जहां डॉक्टर मनीष कुमार द्वारा सभी का इलाज किया जा रहा है. घायल एसआई टाउन थाना में कार्यरत सुनील कुमार साह,बिक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार हैं.
कहा जा रहा है कि खैरमा निवासी ढीबू यादव पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसको लेकर वह लंबे समय से फरार चल रहा था. इसकी गिरफ्तारी के लिए केस आईओ सुनील कुमार साह दल बल के साथ पहुंचे थे और खैरमा पुल स्थित चिमनी भट्ठा के पास से ढीबू यादव को दबोच लिया था. इसी दौरान ढीबू यादव के परिवार के सदस्य और सहयोगी लाठी डंडा लेकर पुलिस टीम को घेर लिया और हमला कर दिया जिससे दो एसआई और एक सिपाही घायल हो गए. फिलहाल सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट--





