JAC Result 2026 : इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी, इस साल भी बेटियों का बोलबाला
रांची:झारखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है. जैक बोर्ड ने इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट बुधवार दोपहर जारी कर दिया है. इस वर्ष कुल 2,02,962 छात्र-छात्राएं सफल घोषित हुए है. खास बात ये है कि इस बार छात्र अपना स्कोर कार्ड सबसे पहले डिजीलॉकर पोर्टल पर देख सकते हैं. छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट DigiLocker पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं.
कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.68% रहा
झारखंड बोर्ड इंटर का रिजल्ट जारी हो चुका है. लड़कों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 95.34% रहा. वहीं, छात्राएं कुल 1,25,991 उपस्थित हुईं, जिनमें से 1,21,814 सफल रहीं. इनका कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.68% रहा.
आर्ट्स का शानदार प्रदर्शन
इस बार भी आर्ट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.14 प्रतिशत सफलता दर के साथ पहला स्थान हासिल किया है. वहीं. कॉमर्स में 93.37 प्रतिशत और साइंस में 82.92 प्रतिशत छात्र सफल रहे. रिजल्ट जारी होते ही राज्यभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है.
आर्ट्स टॉपर-
कला संकाय (Arts) में के. एम. प्लस टू हाई स्कूल, कसमार (बोकारो) की छोटी कुमारी ने 478 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. दूसरे स्थान पर दुमका के प्लस टू नेशनल हाई स्कूल के अंकित कुमार (474 अंक) रहे, जबकि रांची के प्रोजेक्ट हाई स्कूल, सादमा की अंशु कुमारी (473 अंक) ने तीसरा स्थान हासिल किया है.
कॉमर्सटॉपर
कॉमर्स संकाय में रांची के योगदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय की श्वेता प्रसाद ने 478 अंक पाकर टॉप किया है. इसी संकाय में रांची की ही बाल कृष्णा प्लस टू हाई स्कूल के कृष कुमार वर्णवाल (472 अंक) दूसरे और सेंट जेवियर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, चाईबासा की प्रियांशी खत्री (471 अंक) तीसरे स्थान पर रहीं.
साइंस टॉपर
साइंस संकाय में धनबाद की रशिदा नाज ने 489 अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है. पलामू के मोहम्मद फैजान आलम 483 अंक लाकर दूसरे स्थान पर रहे. जबकि, चतरा की आकांक्षा कुमारी और मोहम्मद साना आफरीन ने 481 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया.
छात्रों के पास स्क्रूटनी का भी मौका
अगर किसी छात्र को लगता है कि उसे उम्मीद से कम अंक मिले हैं, तो वह 'स्क्रूटनी' या कॉपियों की दोबारा जांच के लिए आवेदन कर सकता है. JAC Board Result 2026 जारी होने के बाद बोर्ड इसकी तारीखों का ऐलान करेगा. हालांकि, इसके लिए प्रति विषय एक निर्धारित शुल्क देना होगा. अपनी मेहनत पर भरोसा रखें, परिणाम आपकी उम्मीदों के मुताबिक ही आएगा.





