गोड्डा में मुखिया पर जानलेवा हमले का विरोध : पोड़ैयाहाट बाजार पूरी तरह बंद,प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
गोड्डा:जिले के पोड़ैयाहाट में मुखिया अनुपम भगत पर हुए जानलेवा हमले के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. घटना के विरोध में गुरूवार को पोड़ैयाहाट बाजार पूरी तरह बंद रहा. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों ने “प्रशासन हाय-हाय” और “अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं,लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मुखिया अनुपम भगत पर चलती बाइक पर गोली चलाई गई थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए. मुखिया ने अपने बयान में कुछ लोगों पर हमले का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व व्यवसायी शैलेन्द्र भगत की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वे गवाह थे और तभी से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही.
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा.वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.





