चतरा में नशे के सौदागरों पर शिकंजा : 16 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार,बाहर भेजने की फिराक में था
चतरा:जिले में नशे में सौदागरों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को फिर बड़ी कामयाबी मिली है. कुन्दा थाना क्षेत्र के टिटही भरगांव में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद किया है. इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी अपने घर से नशे का अवैध व्यापार संचालित कर रहा था.गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है.
एसपी अनिमेष नैथानी नें बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टिटही भरगांव निवासी नन्दकिशोर गंझू अपने घर में भारी मात्रा में अवैध अफीम छुपाकर रखे हुए है और इसे बाहर भेजने की फिराक में है. सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नन्दकिशोर गंझू के घर पर छापेमारी की, जहां से 3 किलो 264 ग्राम गीला अफीम बरामद हुआ.
एसपी ने बताया कि जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है. अभियान में सिमरिया एसडीपीओ के साथ कुन्दा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह व एसआई नागेश्वर पंडित समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस अधीक्षक नें कड़े शब्दों में कहा कि जिले में तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है. माफियाओं को सख्त चेतावनी देते हुुए कहा कि चतरा जिला अब अफीम तस्करों के लिए सुरक्षित नहीं है.





