Hindi News / वर्ग विशेष के लोगों के साथ हुई मारपीट की ली जानकारी,दोषियों की अविलंब...

BJP प्रतिनिधिमंडल पहुंचा चान्हो : वर्ग विशेष के लोगों के साथ हुई मारपीट की ली जानकारी,दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग

Edited By:  |
BJP Pratinidhimandal pahucha chanho BJP Pratinidhimandal pahucha chanho

रांची: बीजेपीप्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा गठित सात सदस्यीय टीम ने चान्हो स्थित घटनास्थल का दौरा कर वर्ग विशेष द्वारा एक हिंदू परिवार के साथ घर में घुसकर हुई मारपीट मामले की विस्तृत जानकारी ली. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में गठित टीम रांची के चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमटोली गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली. यह टीम मामले की तमाम पहलुओं से प्राप्त जानकारी से एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही उसे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंपेगी. पार्टी का कहना है कि जब से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनी है एक वर्ग विशेष का मनोबल बढ़ा हुआ है.

पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर उठा सवाल

इस संबंध में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाना दुखद और शर्मनाक है. हत्या के प्रयास का मामला होने के बावजूद उस धारा में मुकदमा दर्ज नहीं किया जाना, पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल है. यह सरकार तुष्टिकरण की राजनीति से प्रेरित होकर कार्य कर रही है.

मारपीट की घटना में महिला एवं बच्चे को आई गंभीर चोटें

नीलकंठ सिंह मुंडाने कहा कि इस क्षेत्र में पीड़ित परिवार का सिंगल घर है. सिंगल घर होने के कारण वर्ग विशेष द्वारा उनके घर में घुसकर मारपीट किया गया. उक्त घटना में महिला एवं बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. पूरा परिवार दहशत में है. आरोपियों द्वारा लगातार धमकी भी पीड़ित परिवार को दी जा रही है. इस परिवार पर कुछ माह पूर्व भी पथराव किया गया था. पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपियों द्वारा उन्हें गो मांस खिलाने की भी धमकी दी गई.

दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने परआंदोलन की चेतावनी

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. सभी दोषियों को पुलिस तुरंत गिरफ्तार करे और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, यह प्रशासन सुनिश्चित करे. दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी. जहां कहीं भी इस प्रकार की घटना होगी, वहां पीड़ित परिवार के साथ बीजेपी खड़ी मिलेगी.

पार्टी के तमाम लोग रहे मौजूद

इस दौरान नीलकंठ सिंह मुंडा के साथ पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, पूर्व विधायक जीतू चरण राम, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय जयसवाल, रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रत्याशी सन्नी टोप्पो भी मौजूद रहे.