Hindi News / दीपक प्रकाश के लिए सीट छोड़ने की चर्चा तेज

बीजेपी एमएलसी देवेश कुमार की इस्तीफे की पेशकश : दीपक प्रकाश के लिए सीट छोड़ने की चर्चा तेज

Edited By:  |
bjp mlc devesh kumar ki istife ki peshkash bjp mlc devesh kumar ki istife ki peshkash

पटना : बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है. सूत्रों के अनुसार, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर लगातार मंथन चल रहा है.

जानकारी के मुताबिक,देवेश कुमार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बिहार विधान परिषद के सभापति से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. हालांकि इस्तीफा की पेशकश पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और न ही भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक घोषणा की गई है.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजने की रणनीति के तहत देवेश कुमार अपनी सीट खाली कर सकते हैं. इसे लेकर पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श जारी है. यदि ऐसा होता है तो बिहार भाजपा की संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति में इसे अहम कदम माना जाएगा.

फिलहाल सभी की नजरें सभापति से होने वाली संभावित मुलाकात और उसके बाद आने वाले आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं. भाजपा की ओर से औपचारिक पुष्टि होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-