Hindi News / निगम भूमि पर बनेगा नया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स, मल्टी लेवल पार्किंग, पुनः संचालित होगी...

JHARKHAND NEWS : निगम भूमि पर बनेगा नया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स, मल्टी लेवल पार्किंग, पुनः संचालित होगी धर्मशाला

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

रांची : शहर के सबसे बड़े व्यावसायिक क्षेत्र अपर बाजार को सुव्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है. इस क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शुक्रवार को निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान हरमू रोड स्थित शनि मंदिर से कार्ट सराय रोड, श्रीराम जानकी मंदिर परिसर, जालान रोड, वेस्ट मार्केट रोड, नॉर्थ मार्केट रोड तथा चुरुवाला गली तक विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर मौजूदा व्यवस्थाओं, अतिक्रमण, पार्किंग, व्यापारिक गतिविधियों एवं निगम की परिसंपत्तियों की समीक्षा की गई.


नगर आयुक्त ने कहा कि अपर बाजार रांची की व्यापारिक पहचान है. इसे व्यवस्थित,सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा रही है,ताकि व्यापारियों,स्थानीय नागरिकों एवं खरीदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके.



1.34 एकड निगम भूमि होगी अतिक्रमण मुक्त


निरीक्षण के दौरान शनि मंदिर के पीछे स्थित श्रीराम जानकी मंदिर के चारों ओर निगम स्वामित्व की लगभग 1.34 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने बताया कि भूमि आवंटन की अवधि समाप्त होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अब भी उस पर कब्जा बनाए रखा गया है. नगर आयुक्त ने संबंधित शाखा को तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया,ताकि इस भूमि का उपयोग जनहित एवं शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं में किया जा सके.



608 पुरानी निगम दुकानों की जगह बनेगा आधुनिक मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स


वेस्ट मार्केट रोड,नॉर्थ मार्केट रोड एवं चुरुवाला गली क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने जानकारी दी कि लगभग 4.39 एकड़ निगम भूमि पर निगम स्वामित्व की 608 दुकानें संचालित हैं. इनमें अधिकांश दुकानें पुरानी एवं जर्जर अवस्था में हैं.


नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि इस पूरे क्षेत्र के पुनर्विकास के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए,जिसमें पुरानी दुकानों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व से आवंटित दुकानदारों के हितों का संरक्षण करते हुए नए व्यवसायियों को भी पारदर्शी व्यवस्था के तहत दुकान प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा. इससे व्यापारिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होंगी तथा अपर बाजार को आधुनिक पहचान मिलेगी.



बिहारी धर्मशाला होगी पुनः संचालित, ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी


जालान रोड स्थित निगम स्वामित्व की बिहारी धर्मशाला का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने इसके नवीनीकरण एवं पुनः संचालन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि धर्मशाला को इस प्रकार विकसित किया जाए कि आम नागरिक विवाह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए इसका आसानी से उपयोग कर सकें. साथ ही, नागरिकों की सुविधा के लिए इसकी बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने का निर्देश भी दिया गया, जिससे पारदर्शिता एवं सुगमता सुनिश्चित हो सके.


मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को मिलेगी गति


नगर आयुक्त ने धर्मशाला के समीप निगम भूमि पर बनी दुकानों को हटाकर प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अपर बाजार में पार्किंग की समस्या लंबे समय से नागरिकों एवं व्यापारियों के लिए चुनौती बनी हुई है. मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा क्षेत्र में जाम की समस्या में भी कमी आएगी.




जलान रोड पर चलेगा विशेष अभियान


निरीक्षण के दौरान जालान रोड में मालवाहक वाहनों द्वारा सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग,अतिक्रमण एवं जाम की स्थिति पर नगर आयुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने संबंधित शाखाओं को संयुक्त विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए सभी प्रतिष्ठानों एवं आवासीय परिसरों के होल्डिंग टैक्स,ट्रेड लाइसेंस एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच करने को कहा. इसके अतिरिक्त,आवासीय होल्डिंग में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यक होने पर परिसरों को सील करने के निर्देश दिए गए. सभी गोदाम एवं प्रतिष्ठान संचालकों को सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग तत्काल बंद करने तथा यातायात को बाधित नहीं करने का निर्देश भी दिया गया.


भवनों की होगी व्यापक जांच


नगर आयुक्त ने नगर निवेशक शाखा को अपर बाजार क्षेत्र के सभी नए एवं व्यावसायिक भवनों की जांच करने का निर्देश दिया. जांच के दौरान सेटबैक क्षेत्र के अतिक्रमण,पार्किंग के दुरुपयोग,भवन मानकों के उल्लंघन तथा अन्य अनियमितताओं की समीक्षा की जाएगी और नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




नागरिकों और व्यापारियों के हित में विकास की पहल : नगर आयुक्त


नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं,बल्कि नागरिकों और व्यापारियों के लिए सुरक्षित,सुव्यवस्थित एवं आधुनिक व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है. चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा ताकि अपर बाजार आने वाले लोगों को बेहतर यातायात,पार्किंग,व्यापारिक सुविधाएं एवं सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध हो सके.


निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार,उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार,सहायक नगर आयुक्त सहित राजस्व शाखा,भू-संपदा शाखा,बाजार शाखा एवं नगर निवेशक शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.


रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट-