गोपालगंज: एनएच-27 और थावे बाईपास से जुड़ी समस्याओं को लेकर कशिश न्यूज पर प्रकाशित खबर का असर अब जमीन हकीकत में दिखाई देने लगा है. थावे बाईपास जाने वाले मार्ग पर डायवर्सन निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है. वहीं,एनएच-27 पर बसडीला से बंजारी तक लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी शुरू हो गई है.

एनएच-27 के फोरलेन बनने के बाद बसडीला से बंजारी के बीच कई जगह स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी थीं.इसके अलावा एनएच-27 से थावे बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते पर उचित डायवर्सन नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी और हादसे की आशंका बनी रहती थी.

एनएच-27 और थावे बाईपास पर डायवर्सन का निर्माण कार्य शुरू

इन समस्याओं को लेकर कशिश न्यूज़ ने प्रमुखता से खबर दिखाई थी. खबर सामने आने के बाद गोपालगंज सांसद डॉ.आलोक कुमार सुमन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया.इसके बाद एनएचएआई की ओर से थावे बाईपास डायवर्सन निर्माण और एनएच-27 की बंद स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम शुरू कराया गया है.

काम पूरा होने के बाद वाहन चालकों को आवाजाही में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. वहीं स्ट्रीट लाइटें दोबारा चालू होने से रात के समय सड़क पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होने की उम्मीद है. कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है.