बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। मुराईडीह बस्ती के पास लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला उत्खनन के कारोबार पर बीसीसीएल बरोरा वन की CISF टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। घंटों चली इस छापेमारी से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, लेकिन इस कार्रवाई के दौरान एक बड़ा सवाल भी खड़ा हुआ है बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराईडीह बस्ती से कुछ ही दूरी पर स्थित एक खाली स्थान पर लंबे समय से अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था। कोयला माफिया इस इलाके में सक्रिय थे और चोरी-छिपे अवैध उत्खनन का धंधा चला रहे थे। इस पूरे खेल की गुप्त सूचना बीसीसीएल बरोरा वन की सीआईएसएफ (CISF) टीम को मिली।
सूचना पुख्ता होते ही CISF की टीम ने इलाके में दबिश दी और घंटों तक छापेमारी अभियान चलाया। CISF की अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई और उसकी मदद से अवैध खनन के मुहानों की भराई कराई गई, ताकि दोबारा यहां से कोयला न निकाला जा सके। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई अवैध मुहानों में पहले से ही पानी भरा हुआ था, जिसके चलते वे बंद पड़े थे। इस पूरी कार्रवाई के बीच हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी छापेमारी के दौरान बरोरा थाना की पुलिस मौके पर मौजूद नहीं थी। अब बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर लंबे समय से चल रहे इस अवैध कोयला उत्खनन पर स्थानीय पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ी?
