BIHAR NEWS : बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम, जदयू में आरसीपी सिंह की वापसी के संकेत
पटना: बिहार की राजनीति में लंबे समय से जिस मुलाकात की चर्चा हो रही थी, वह आखिरकार सामने आ गई. पूर्व केंद्रीय मंत्री और कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी सहयोगियों में रहे आरसीपी सिंह ने पटना स्थित सात सर्कुलर रोड आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस मुलाकात ने राज्य की राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है और जदयू में उनकी वापसी की संभावनाओं को बल मिला है.
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच करीब20मिनट से अधिक समय तक अकेले में बातचीत हुई. मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि आरसीपी सिंह की जनता दल (यूनाइटेड) में वापसी का रास्ता लगभग साफ हो गया है. हालांकि, अभी तक जदयू की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
गौरतलब है कि आरसीपी सिंह लंबे समय तक जदयू के प्रमुख रणनीतिकार और संगठन के मजबूत स्तंभ माने जाते रहे हैं. केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पार्टी नेतृत्व के साथ उनके संबंधों में खटास आई थी, जिसके बाद उन्होंने जदयू छोड़ दिया था. इसके बाद उन्होंने अलग राजनीतिक राह अपनाने की कोशिश भी की, लेकिन बिहार की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बनी रही.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए जदयू अपने पुराने और अनुभवी नेताओं को साथ लेकर संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. ऐसे में आरसीपी सिंह की वापसी पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर लाभ पहुंचा सकती है.
इस मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट मानने के बजाय राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब सबकी नजर जदयू नेतृत्व की अगली घोषणा पर टिकी है. यदि आरसीपी सिंह की औपचारिक वापसी होती है, तो यह बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जाएगा और इसका असर आगामी चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





