Hindi News / पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट,अब तक 7...

BIHAR NEWS : पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट,अब तक 7 गिरफ्तार

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:बिहार में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। उत्तर बिहार और सीमांचल में लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद बिहार एटीएस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपनी निगरानी और जांच तेज कर दी है। इस साल मार्च से अब तक पाकिस्तानी हैंडलर्स और जासूसी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से चार गिरफ्तारियां पिछले एक महीने के भीतर हुई हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर व्हाट्सएप,टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं से संपर्क साध रहे हैं। उन्हें पैसे और अन्य लालच देकर संवेदनशील सैन्य तथा रणनीतिक ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो जुटाने के लिए उकसाया जा रहा है। कुछ मामलों में हथियार तस्करी और आतंकी नेटवर्क से जुड़े गैंगस्टरों के संपर्क की भी जानकारी मिली है।

हाल के महीनों में सीतामढ़ी, कटिहार, मधुबनी और मुजफ्फरपुर से कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है। इन पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और गैंगस्टरों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने या संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप हैं। सभी मामलों में जांच एजेंसियां आरोपितों की ट्रैवल हिस्ट्री, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों और ऑनलाइन गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

बिहार पुलिस ने इंटरनेट मीडिया की डिजिटल पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है। वहीं भारत-नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एडीजी (विधि-व्यवस्था) के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि संदिग्ध नेटवर्क की हर कड़ी की जांच की जा रही है और देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।