BIHAR NEWS : सड़क हादसे के गंभीर घायलों के लिए पीएमसीएच में बड़ी पहल, बनेगी स्वतंत्र स्पाइनल यूनिट
पटना: राज्य के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक पीएमसीएच में अब दुर्घटनाग्रस्त मरीजों का रामबाण इलाज होगा. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अस्पताल के हड्डी विभाग में खास व्यवस्था लागू करने की योजना बनायी जा रही है.
पीएमसीएच में सड़क दुर्घटना,उपकरण से चोटिल,ऊंचाई से गिरने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए स्पेशल स्पाइन सर्जरी की व्यवस्था लागू की जा रही है.इस विषय पर अधिक जानकारी देते हुए पटना मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के अधीक्षक डॉ.राजीव सिंह ने कहा कि इस सुविधा के शुरु होने से राज्य के ट्रॉमा मरीजों के वटिब्रा का इलाज और बेहतर हो सकेगा.साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुभवी चिकित्सकों के अलावा अत्याधुनिक मशीनों का प्रबंध भी किया जा रहा है.अधीक्षक ने बताया कि स्पेशल स्पाइनल सर्जरी को हड्डी रोग विभाग के अधीन संचालित किया जाएगा.
स्पेशल स्पाइन सर्जरी के लिए 39 पदों की मिली स्वीकृति
पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ. नरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीएमसीएच में स्पेशल स्पाईन सर्जरी के लिए 39 पदों पर स्वीकृति प्रदान की जायेगी.जिसमें दो प्रोफेशन दो एसोसिएट,24 स्टॉफ नर्स,उच्च वर्गीय लिपिक समेत अन्य पदों पर नियुक्ति की जानी है.हड्डी विभाग के अंतर्गत चलने वाले स्वतंत्र सब स्पाइन सर्जरी यूनिट का खास प्रबंध किया जा रहा है.
डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने आगे बताया कि पीएमसीएच में स्थापित यह स्वतंत्र स्पाइनल सब-यूनिट हड्डी एवं रीढ़ संबंधी गंभीर रोगों के उपचार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी. उन्होंने कहा कि अब राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर के मरीजों को पीएमसीएच में उन्नत और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इस यूनिट में मिनिमल इनवेसिव एंडोस्कोपिक सर्जरी, स्पाइनल डिफॉर्मिटी करेक्शन, कुबड़ापन (काइफोसिस) सहित रीढ़ की विभिन्न जटिल समस्याओं का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि इस सुविधा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा का लाभ राज्य के लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा.





