BIHAR NEWS : पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने विभागीय परियोजनाओं की समीक्षा की, कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
पटना : बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में निगम के प्रबंध निदेशक नंद किशोर,महाप्रबंधक चंदन चौहान,सभी कार्यपालक पदाधिकारी,अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
समीक्षा के दौरान मंत्री गुप्ता ने सभी परियोजनाओं की प्रगति को और गति देने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन अवसंरचना के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न होने चाहिए.
मंत्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा तय मानकों के अनुरूप समय पर कार्य पूर्ण कराने को कहा.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परियोजना में अनियमितता,लापरवाही अथवा गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी (FIR)दर्ज कराई जाएगी तथा दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा.
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी अधिकारियों को पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को शीघ्र,गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-





