BIHAR NEWS : बांकीपुर की जनता का आभार जताने 11 अगस्त से वार्ड-वार जनसंवाद करेंगे प्रशांत किशोर, विकास की कार्ययोजना पर लेंगे जनता की राय
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद जनसुराज पार्टी ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अगले चरण के जनसंपर्क अभियान की घोषणा की है. पार्टी की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिले स्नेह,विश्वास और अमूल्य समर्थन के लिए सभी मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद. जनसुराज पार्टी और उसके संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उनका साथ दिया है,उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
इसी क्रम में11अगस्त2026से प्रशांत किशोर स्वयं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का दौरा करेंगे. इस दौरान वे स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं,विकास संबंधी आवश्यकताओं तथा जनता की अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे. पार्टी का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिक धन्यवाद यात्रा नहीं होगा,बल्कि जनता की राय के आधार पर आगामी कार्ययोजना तैयार करने की पहल भी होगी.
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सड़क,पेयजल,जलनिकासी,शिक्षा,स्वास्थ्य,सफाई और अन्य स्थानीय मुद्दों पर लोगों से सुझाव लिए जाएंगे. पार्टी के अनुसार इन सुझावों के आधार पर क्षेत्र के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा. जनसुराज का कहना है कि जनता की भागीदारी से विकास की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





