BIHAR NEWS : पटना में विधान परिषद अतिथि निवास और MLC आवासों का भवन निर्माण मंत्री ने किया निरीक्षण
पटना: बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने बुधवार को पटना स्थित बिहार विधान परिषद अतिथि निवास एवं विधान पार्षदों के लिए निर्मित आवासीय परिसरों का विभागीय सचिव प्रणव कुमार तथा अन्य वरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आवासीय सुविधाओं,भवनों के रखरखाव,स्वच्छता व्यवस्था,सुरक्षा मानकों एवं विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया. उन्होंने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया.
लेसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और सार्वजनिक भवनों के सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से विभिन्न सरकारी भवनों एवं परिसरों का नियमित निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है,ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके.
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवासीय परिसरों में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रखरखाव और मरम्मत संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए. निरीक्षण के दौरान विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-





