Hindi News / वैज्ञानिक तकनीक अपनाने से खेती बनेगी लाभकारी – मंत्री श्रवण कुमार

BIHAR NEWS : वैज्ञानिक तकनीक अपनाने से खेती बनेगी लाभकारी – मंत्री श्रवण कुमार

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि किसान अनुदान, उन्नत बीज और वैज्ञानिक सलाह को अपनाकर ही खेती को लाभकारी बना सकते हैं. वे बुधवार को राजगीर प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सह खेती बचाओ अभियान का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ कर रहे थे. इस मौके पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे.

मंत्री ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खेती में वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके अपनाएं. आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रयोग से खाद, बीज और पूंजी निवेश में बचत होती है और उत्पादन भी बढ़ता है. यदि किसान वैज्ञानिकों की सलाह में अपनी ओर से बदलाव या मिलावट करते हैं तो फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.

किसानों से ज्यादा जीविका दीदियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में किसानों की तुलना में जीविका दीदियों की संख्या अधिक देखी गई. इस पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में जिनको अच्छा लगता है वही आते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को अनुदानित बीज,कृषि यंत्र,सिंचाई उपकरण,बागवानी समेत अन्य कृषि गतिविधियों के लिए लगातार सहायता दे रही है. प्राकृतिक आपदा,कीट प्रकोप,सूखा,ओलावृष्टि और बाढ़ से फसल नुकसान पर सरकार क्षतिपूर्ति और राहत राशि देती है.

इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों और संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देना समय की मांग है. किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर खेती करनी चाहिए और उन्नत बीजों का प्रयोग करना चाहिए. प्रखंड कृषि पदाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि बेबीकॉर्न 7 किलो,स्वीट कॉर्न 4 किलो,धान की सीधी बुवाई के लिए 10 क्विंटल,शंकर धान 9 क्विंटल और शंकर मक्का 95 किलो बीज आवंटित किया गया.

75 फीसदी तक अनुदान दे रही सरकार

कृषि समन्वयक राजीव रंजन कुमार ने कहा कि अत्यधिक रासायनिक उर्वरकों से भूमि की उर्वरता घटती है. सरकार मिट्टी जांच,सूक्ष्म सिंचाई,उन्नत बीज एवं विभिन्न कृषि योजनाओं पर 75 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है. उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की भी अपील की.

कार्यक्रम में हरनौत कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. उमेश नारायण उमेश, प्रखंड कृषि लेखापाल अमित कुमार,कृषि समन्वयक अंजनी कुमार, कुंदन कुमार, वार्ड पार्षद डॉ. अनिल कुमार, जदयू जिला उपाध्यक्ष सुवेन्द्र राजवंशी, जयराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.