Hindi News / छपरा में 2 अप्रैल को भूमि सुधार जन संवाद, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सुनेंगे...

BIHAR NEWS : छपरा में 2 अप्रैल को भूमि सुधार जन संवाद, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा सुनेंगे जमीन विवाद

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : जमीन से जुड़े मामलों में आम लोगों की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से 02 अप्रैल 2026 को छपरा शहर स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे. इस दौरान वे आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान का निर्देश देंगे.

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि संवाद कार्यक्रम में सारण जिले के प्रत्‍येक अंचल के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे. काउंटर पर दाखिल-खारिज,परिमार्जन,मापी,भूमि विवाद,अतिक्रमण समेत अन्य सभी शिकायतों से संबंधित मामलों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिन शिकायतकर्ताओं ने पहले भी अपनी समस्या को लेकर आवेदन दिया है और उसकी प्रति साथ लाएंगे तो उनकी शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा.

सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन,11 बजे से जनकल्याण संवाद

भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में किया गया है. आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर होगा. इसके बाद 11 बजे से 2:30 बजे तक उपमुख्यमंत्री आम लोगों की समस्या अधिकारियों-कर्मचारियों को आमने-सामने बैठाकर सुनेंगे. आवेदन में अंचल का नाम,आवेदक का नाम,पूरा पता और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा. इससे आवेदन पर होने वाली आगे की कार्रवाई की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के जरिए दी जा सकेगी.

अधिकारियों की समीक्षा बैठक,लंबित मामलों पर सख्ती

इसी दिन दोपहर 3:30 बजे से 5 बजे तक ऑडिटोरियम में ही राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी. इसमें प्रमंडलीय आयुक्त,समाहर्ता,जिला बंदोबस्त पदाधिकारी,अपर समाहर्ता,भूमि सुधार उप समाहर्ता,अंचल अधिकारी समेत अन्य अधिकारी–कर्मचारी शामिल रहेंगे. बैठक में लंबित दाखिल-खारिज,परिमार्जन,मापी और अभियान बसेरा 2 की स्थिति की राजस्व ग्रामवार समीक्षा की जाएगी.

सर्वे के कार्यों की भी होगी समीक्षा

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि इस दौरान जिले में चल रहे सर्वे के कार्य की भी समीक्षा होगी. जिला बंदोबस्त पदाधिकारी समेत सर्वे कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के जन संवाद से भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता आएगी,विवाद कम होंगे और लोगों को समय पर सेवा मिलेगी. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जमीन से जुड़े कामों के लिए किसी को भी दफ्तरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. विभाग पूरी तरह ऑनलाइन है. ऑनलाइन की कम जानकारी वाले लोगों के लिए प्रत्येक अंचल में सीएससी खोल दिया गया है. वहां से सस्ते दर पर प्रत्येक कार्य के लिए किसान आवेदन कर सकते हैं.

जनकल्याण संवाद में आए सभी आवेदनों पर होगी कार्रवाई

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस संवाद के दौरान रजिस्ट्रेशन होने वाले सभी आवेदनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है. सभी आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर उस पर होने वाली कार्रवाई से आवेदनकर्ता को उनके द्वारा दिये गये मोबाइल नंबर पर मैसेज से सूचना दी जाती रहेगी.