BIHAR NEWS : पटना के महावीर मंदिर में धूमधाम से मनाई जाएगी हनुमान जयंती
पटना: चैत्र मास की पूर्णिमा तिथि दिनांक02अप्रैल को हनुमान-जयन्ती के अवसर पर महावीर मन्दिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सारी तैयारी की गयी है. इसमें पूजा-पाठ,शाम में भजन,फल और फूल से श्रृंगार आदि शामिल है.
महावीर मंदिर में हनुमान जयंती के दिन भक्तों की अधिक भीड़ होती है. इस बार काफी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद की जा रही है. इसके मद्देनजर सरकारी और प्राइवेट सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाई गई है. जिससे भीड़ को नियंत्रण किया जा सके.
श्री महावीर मंदिर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने कहा कि मंदिर आने वाले भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो. गंभीरता से इसका ध्यान रखने का निर्देश सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में लगे सरकारी और प्राइवेट सुरक्षा कर्मचारियों को दिया गया है. मंदिर में आने वाले लोगों की संख्या काउंट करने वाली आधुनिक तकनीक वाली मशीन भी बेंगलुरू से मंगा ली गई है. उसे भी इंस्टाल किया जा रहा है. जिससे अधिक भीड़ होने पर हेड काउंटिंग मशीन की भी मदद ली जा सके. साथ ही साथ मंदिर में80टन क्षमता वाली एसी मशीन इंस्टाल हो जाने से गर्मी से भक्तों को निजात मिल गई है.
वैसे महावीर मन्दिर में रामानन्दाचार्य की परम्परा के अनुसार कार्तिक मास में कृष्णपक्ष की चतुर्दशी तिथि को विधानपूर्वक हनुमान-जयन्ती मनायी जाती है,किन्तु विगत अनेक वर्षों से चैत वाली हनुमान-जयन्ती के दिन श्रद्धालुओं की अपार भीड़ होने लगी है अतः श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए विशेष व्यवस्था की गयी है.
पंडित भवनाथ झा के मुताबिक वास्तव में महावीर हनुमानजी की आराधना विभिन्न रूपों में होती रही है. वे श्रीराम की कथा के सन्दर्भ में एकमुखी हनुमानजी जी रुद्रावतार हैं तो अन्य पंथ में पंचमुखी के रूप में भी इनकी आराधना होती रही है. इसी प्रकार,एक ओर जगद्गुरु रामानन्दाचार्य ने उनकी जयन्ती की तिथि कार्तिक मास में बतलायी है तो दक्षिण भारत की परम्परा में चैत्र पूर्णिमा को यह जयन्ती मनायी जाती है. यह विविधता हमारे विशाल भारत की गौरव गाथा है. इस विविधता को तथा श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए महावीर मन्दिर में दर्शन की विशेष सुविधा के लिए व्यवस्था की गयी है. लेकिन,रामानन्दाचार्य के निर्देशों का अनुपालन करते हुए विशेष पूजा,ध्वज-पूजन आदि कर्मकाण्ड कार्तिक मास में किए जाएंगे जो इस वर्ष दिनांक7नवम्बर, 2026को पड़ रहा है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





