Hindi News / खेल संघों की आवश्यकताओं पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने की बैठक

BIHAR NEWS : खेल संघों की आवश्यकताओं पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने की बैठक

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में आज खेल विभाग द्वारा गोल्फ एवं फेंसिंग खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों खेलों के विकास,खिलाड़ियों के प्रशिक्षण,प्रशिक्षकों एवं तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव श्री दीपक आनंद सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में गोल्फ संघ की ओर से तकनीकी स्टाफ एवं प्रशिक्षकों की आवश्यकता का विषय रखा गया। माननीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि गोल्फ में प्रतिभाओं की पहचान (Talent Identification)विभाग की प्राथमिकता है। प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी स्टाफ एवं प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने वाले प्रशिक्षकों को भी आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

माननीय खेल मंत्री ने कहा कि अक्टूबर में संभावित रूप से आयोजित होने वाले‘मशाल’कार्यक्रम में गोल्फ को भी शामिल करने पर विचार किया जाएगा,ताकि गोल्फ में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल संघों के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक संसाधन,प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

फेंसिंग संघ की ओर से पटना में प्रशिक्षण एवं खेल गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। संघ ने विशेष रूप से खेल भवन,पटना में स्थान उपलब्ध कराने तथा पटना के साथ-साथ गया,नालंदा सहित अन्य सात जिलों में निर्मित खेल भवनों में फेंसिंग के उपकरण एवं प्रशिक्षण कोच की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। माननीय खेल मंत्री ने संघ द्वारा रखी गई आवश्यकताओं पर सकारात्मक विचार करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया।

फेंसिंग संघ के प्रतिनिधियों से संवाद के दौरान उनकी आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को समझते हुए माननीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा, “विभाग की ओर से फेंसिंग को हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। हमारा प्रयास है कि बिहार में फेंसिंग को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर मिलें। इस खेल को उत्कृष्टता के नए स्तर तक ले जाना विभाग और एसोसिएशन की साझा जिम्मेदारी है। विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएगा। अब एसोसिएशन और खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे इस सहयोग का अधिकतम लाभ उठाकर फेंसिंग को नई ऊँचाई प्रदान करें।”

बैठक में खेल संघों के प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सुझावों एवं आवश्यकताओं पर विभाग द्वारा गंभीरता से विचार किया गया। राज्य में खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा बेहतर खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए खेल संघों के साथ निरंतर समन्वय और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-