BIG NEWS : जमुई में हथियारों का जखीरा बरामद, पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा
जमुई: बड़ी खबर बिहार केजमुई से है जहां जिले में अवैध हथियार और कारतूस के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार अवैध हथियार और 23 कारतूस बरामद किए हैं. यह कार्रवाई विश्वसनीय सूचना और एसटीएफ से मिले इनपुट के आधार पर जमुई थाना पुलिस,डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने की.
पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबा गांव निवासी राजा बाबू उर्फ राजा कुमार उर्फ प्रदीप,पिता सदानंद रावत,अवैध हथियार एवं कारतूस की खेप मंगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर राजा बाबू को पकड़ा.
पूछताछ में राजा बाबू ने पुलिस को बताया कि हथियार और कारतूस सुमन कुमार उर्फ पप्पू पासवान,निवासी सिमरिया बिक्रमपुर,के पास रखे गए हैं. इसके बाद पुलिस ने सुमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान हथियारों से जुड़े बदन कुमार उर्फ कृष्ण साव और एक नाबालिग युवक के नाम सामने आए,जिसके बाद दोनों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई.
पुलिस के अनुसार,कार्रवाई में कुल चार अवैध हथियार,जिसमें एक देसी मास्केट और तीन देसी कट्टा,तथा 23 कारतूस बरामद किए गए. मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार राजा बाबू का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ जमुई थाना और एससी/एसटी थाना में कई मामले दर्ज हैं.
इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार,टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार,धनंजय कुमार,निकेश कुमार,धर्मराज कुमार सहित एसटीएफ की टीम शामिल रही.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-





