BIHAR NEWS : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा विशेष पत्र
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के लिए "स्वर्णिम काल" बताया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और बिहार भी समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है.
मुख्यमंत्री ने पत्र में बिहार के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए नालंदा विश्वविद्यालय,विक्रमशिला विश्वविद्यालय,चाणक्य और आर्यभट्ट की विरासत को याद किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना संभव हो सकी,जो बिहार के लिए गर्व का विषय है.
सम्राट चौधरी ने बिहार को मिले केंद्र सरकार के सहयोग का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा कि सड़क,पुल,एक्सप्रेस-वे,वंदे भारत ट्रेनों,पटना मेट्रो,नए एयरपोर्ट और दरभंगा एम्स जैसी परियोजनाओं ने राज्य के विकास को नई गति दी है. उन्होंने कोसी महासेतु,गांधी सेतु के जीर्णोद्धार और गंगा नदी पर बन रहे नए पुलों को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
पत्र में मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ बिहार के करोड़ों लोगों को मिल रहा है.
मुख्यमंत्री ने पुनौराधाम में मां सीता मंदिर निर्माण,राम-जानकी पथ तथा नालंदा और गयाजी कॉरिडोर जैसी सांस्कृतिक परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री के योगदान की प्रशंसा की. अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ऐतिहासिक जनसेवा के इस कीर्तिमान के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त की कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में उनका मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





