BIHAR NEWS : मोदी सरकार के 12 वर्षों में बिहार ने विकास की नई इबारत लिखी, बदली राज्य की तस्वीर
पटना:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में बिहार में आधारभूत संरचना,स्वास्थ्य,शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिले हैं. वर्ष 2014 के बाद राज्य में कई बड़ी परियोजनाओं को स्वीकृति मिली,जिनमें से अनेक पूरी हो चुकी हैं,जबकि कई तेजी से निर्माणाधीन हैं.
केंद्र सरकार द्वारा बिहार को मिलने वाली वित्तीय सहायता में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई. बीते वर्षों में सड़क और एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों का चौड़ीकरण किया गया,जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर हुआ. गंगा नदी पर नए पुलों के निर्माण और पुराने पुलों के पुनर्विकास ने उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाया.
रेल क्षेत्र में वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य भी तेज हुआ. स्वास्थ्य क्षेत्र में दरभंगा एम्स जैसी परियोजनाओं ने बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उम्मीद जगाई है. वहीं,राजगीर स्थित नए नालंदा विश्वविद्यालय परिसर ने बिहार की शैक्षणिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती दी है.
हवाई संपर्क के विस्तार के तहत दरभंगा एयरपोर्ट की शुरुआत,पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल और पूर्णिया एयरपोर्ट परियोजना को महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में देखा जा रहा है. कृषि क्षेत्र में मखाना बोर्ड के गठन और बरौनी खाद कारखाने के पुनरुद्धार ने किसानों को लाभ पहुंचाया है.
इसके अलावा, बक्सर और नबीनगर की बिजली परियोजनाओं, कोसी-मेची परियोजना, पटना मेट्रो तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने बिहार के विकास को नई दिशा देने का काम किया है. इन पहलों ने राज्य के आर्थिक और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





